विश्व

BRICS Summit के चलते दिल्ली में क्या बंद, क्या खुला? स्कूलों से लेकर मेट्रो और बाजार तक पूरी जानकारी

द्वारा The News Chapter Adminप्रकाशित 11 सितंबर 2026

राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों, राष्ट्राध्यक्षों और वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों की आवाजाही को देखते हुए...

राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों, राष्ट्राध्यक्षों और वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात में बदलाव और प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

इस दौरान दिल्ली में क्या बंद रहेगा और क्या सामान्य रूप से खुला रहेगा, आइए जानते हैं।

11 सितंबर को सभी स्कूल बंद

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आदेश के अनुसार, शुक्रवार, 11 सितंबर को दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी निजी स्कूल बंद रहेंगे।

सरकारी दफ्तरों में सार्वजनिक अवकाश

दिल्ली सरकार के कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में भी 11 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह फैसला सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और VVIP मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए लिया गया है।

शनिवार और रविवार के बाद सोमवार, 14 सितंबर से स्कूल और कार्यालय अपने निर्धारित समय पर फिर से खुलने की उम्मीद है।

बैंक और निजी दफ्तर खुले रहेंगे

11 सितंबर को BRICS सम्मेलन का दिल्ली के बैंकों और निजी कार्यालयों पर असर नहीं पड़ेगा। सभी बैंक और निजी कार्यालय खुले रहेंगे।

हालांकि, VVIP मूवमेंट के कारण मध्य दिल्ली और प्रतिबंधित मार्गों पर यात्रियों को परेशानी हो सकती है। कंपनियों को सलाह दी गई है कि वे 11 सितंबर को कर्मचारियों को घर से काम करने का विकल्प दे सकती हैं।

दिल्ली मेट्रो रहेगी चालू

BRICS सम्मेलन के दौरान दिल्ली मेट्रो सेवाओं पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा और मेट्रो चलती रहेंगी।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम 11 से 13 सितंबर 2026 तक बंद रहेगा।

कनॉट प्लेस में दुकानें और रेस्त्रां खुले

BRICS सम्मेलन के दौरान कनॉट प्लेस पूरी तरह खुला रहेगा। व्यापारियों ने ग्राहकों से ट्रैफिक एडवाइजरी देखकर खरीदारी और खान-पान का आनंद लेने की अपील की है।

नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) के संयुक्त सचिव अमित गुप्ता ने दिल्लीवासियों और पर्यटकों को कनॉट प्लेस आने के लिए आमंत्रित किया है। व्यापारियों के मुताबिक, यहां न दुकानें बंद रहेंगी और न ही रेस्त्रां व कैफे।

4,800 ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती

विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और VVIP काफिलों की सुरक्षित आवाजाही के लिए दिल्ली पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए शहर भर में करीब 4,800 ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई है।

इन प्रमुख मार्गों पर असर

कारकेड रिहर्सल और VVIP मूवमेंट के दौरान 22 चिन्हित वैकल्पिक मार्गों के जरिए यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।

इस दौरान मथुरा रोड, सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंबा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, नीति मार्ग और एपीजे अब्दुल कलाम रोड समेत 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर समय-समय पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

जरूरत के अनुसार बस सेवाओं के मार्गों में बदलाव या अस्थायी नियंत्रण किया जा सकता है, जबकि टैक्सी सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और घर से निकलने से पहले नवीनतम ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर जांच लें।

अन्य भाषा: EN