विश्व

सूडान में सोने की खदान धंसी, 67 लोगों की मौत, मलबे में दबे मजदूरों की तलाश जारी

द्वारा The News Chapter Adminप्रकाशित 16 सितंबर 2026

मंगलवार को एक व्यक्ति खदान से बाहर निकलने में कामयाब रहा। उसने बताया कि कुछ अन्य मजदूर अभी भी भूमिगत फंसे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने साधारण औजारों की मदद से बचाव की कोशिश की, लेकिन ...

सूडान के पश्चिमी कोर्दोफान प्रांत में सोने की एक खदान धंसने से कम से कम 67 लोगों की मौत हो गई। हादसा नुहुद शहर की अल-जारा सोने की खदान में हुआ। स्थानीय मेडिकल ग्रुप और हादसे में बचे लोगों के मुताबिक, मंगलवार देर रात खदान का एक हिस्सा अचानक धंस गया। मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है और राहत एवं बचाव अभियान अभी जारी है।

अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं मजदूर

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खदान धंसने के बाद कई मजदूर लापता हैं। मेडिकल समूह ने आशंका जताई है कि बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ मजदूर अब भी जमीन के नीचे जिंदा हो सकते हैं।

रॉयटर्स के मुताबिक, स्थानीय अधिकार समूह कोर्दोफान ऑब्जर्वेटरी ने बताया कि अल-जारा खदान के आसपास कई खनन सुरंगें धंस गईं। समूह के अनुसार, 70 से ज्यादा छोटे स्तर पर खनन करने वाले मजदूरों की मौत हो चुकी है या वे लापता हैं।

साधारण औजारों से बचाव की कोशिश

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार को एक व्यक्ति खदान से बाहर निकलने में कामयाब रहा। उसने बताया कि कुछ अन्य मजदूर अभी भी भूमिगत फंसे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने साधारण औजारों की मदद से बचाव की कोशिश की, लेकिन जमीन के रेतीले और कमजोर होने के कारण मुश्किलें आ रही हैं। बताया गया कि अब तक कोई विशेष प्रशिक्षित बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा है।

सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल

तीन स्थानीय सूत्रों ने खदान में सुरक्षा नियमों और बचाव उपकरणों की कमी को बड़ी संख्या में लोगों की मौत की वजह बताया। सूडान अफ्रीका के बड़े सोना उत्पादक देशों में शामिल है, लेकिन यहां सोने का बड़ा हिस्सा छोटे स्तर पर होने वाले असंगठित और जोखिम भरे खनन से निकाला जाता है।

स्थानीय अधिकार समूह के मुताबिक, खनन गतिविधियों से निकलने वाला सोना बड़े पैमाने पर देश से बाहर तस्करी के जरिए भेजा जाता है। पश्चिमी कोर्दोफान में सोने का कारोबार आर्थिक रूप से अहम है और क्षेत्र को नियंत्रित करने वाले RSF के लिए खनन से होने वाली आय एक महत्वपूर्ण राजस्व स्रोत मानी जाती है।

अन्य भाषा: EN